जोधपुर: शहर उत्तर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सलीम खान का एक भाषण राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है. कांग्रेस की बैठक में दिए गए उनके संबोधन का एक अंश सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री और जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस पर तंज कसा. मंगलवार को कांग्रेस की बैठक में हुए भाषण का बुधवार को शेखावत ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने राहुल गांधी की “मोहब्बत की दुकान” और अशोक गहलोत की “राजनीति” को कटघरे में खड़ा किया.
शेखावत बोले, भाषा निंदनीय और शर्मनाक: गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जोधपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की गालीगलौज वाली भाषा भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के लिए बेहद निंदनीय और शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की यह भाषा परिवारों को अपमानित करती है और यही अब कांग्रेस की राजनीति का हथियार बन चुकी है. शेखावत ने यह भी आरोप लगाया कि अशोक गहलोत अपने खास लोगों को इसी तरह की असभ्यता सिखा रहे हैं.
सलीम खान की सफाई: इस मामले पर सलीम खान ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी को व्यक्तिगत तौर पर अपशब्द नहीं कहा. अपने भाषण में उन्होंने एक फिल्म और पत्रकार का हवाला देते हुए एक फिल्मी डायलॉग बोला था, लेकिन हमने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें ऐसा नहीं करना है, बल्कि केवल भाजपा की तरह काम करना है. खान ने कहा कि मंत्रीजी को उनका पूरा भाषण सुनना चाहिए.




















