भीलवाड़ा: कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पार्टी के जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मतदान के दिन चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताएं करवाते हैं. वे फर्जी वोटिंग करवाते हैं. इसकी शिकायत प्रशासन से की जाती है, लेकिन प्रशासन कोई सुनवाई नहीं करता.
जिलाध्यक्ष त्रिपाठी ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस का राज हो या भाजपा का, वोट चोरी करने का काम भाजपा कार्यकर्ता ही करते हैं. कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने निर्वाचन विभाग को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कई सुझाव दिए हैं. पार्टी प्रतिनिधि नियमित रूप से निर्वाचन विभाग की बैठकों में शामिल होते हैं और समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव देते हैं. हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दिन से पहले ही कई मतदाताओं के वोट डाल दिए जाते हैं और फर्जी वोटिंग की जाती है.
त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फर्जी मतदान कराया जाता है. कई बार फर्जी मतदान करने वालों को पकड़ कर पुलिस में भी दिया, लेकिन वहां भी उन्हें जल्द ही जमानत मिल जाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में भी भाजपा के लोग वोट चोरी करते थे और अब उनके अपने शासन में भी यही हो रहा है. फर्जी वोटिंग का काम प्रशासन के साथ मिलकर किया जाता है. प्रशासन कांग्रेस की बात नहीं सुनता. उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दिन लोग जब अपना वोट डालने बूथ पर जाते हैं, तो उन्हें पता चलता है कि उनका वोट डल गया. बाद में उनसे टेंडर वोट डलवाया जाता है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फर्जी टोलियां बनाकर वोट डालने के मामले सामने आए हैं. इसके सबूत भी मौजूद हैं. उन्होंने चुनाव आयोग से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की.




















