डीडवाना-कुचामन : जिले के लाडनूं क्षेत्र जसवंतगढ़ के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रोडवेज बस और एक कार में जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल है. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मृतकों के शव उसमें फंस गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों व घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर लाडनूं के सरकारी अस्पताल पहुंचाया.
मृतकों के शव राजकीय अस्पताल मोर्चरी में रखाया गया है. घायलों का उपचार चल रहा है. इस हादसें में चार लोगों की मृत्यु हो चुकी है. इस मामले में दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है. जांच की जा रही है.
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और सभी चूरू जिले के राजलदेसर और मौमासर के निवासी थे. ये लोग शनिवार को कार में सवार होकर पुष्कर जा रहे थे. इसी दौरान जसवंतगढ़ के पास लाडनूं से सुजानगढ़ जा रही सीकर डिपो की रोडवेज बस से कार की टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि गोवंश के अचानक सामने आने से दोनों वाहनों में टक्कर हो गई.
इनकी हुई मौत : हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. रोडवेज बस को भी नुकसान पहुंचा. हादसे की सूचना के बाद जसवंगतगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों व घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मृतकों में शारदा देवी उम्र 50 वर्ष निवासी बिदासर, लिखमी देवी उम्र 70 वर्ष मामोसर, तुलसी देवी उम्र 42 वर्ष और ओम सिंह उम्र 48 वर्ष शामिल हैं. हादसे के बाद हाईवे पर भारी जाम लग गया, जिसके बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को सड़क से हटाया.




















