Bhilwara : कला प्रेमियों के लिए भीलवाड़ा में तीन दिवसीय चित्रकला एवं मूर्तिकला प्रदर्शनी 23 से
दीपिका आर्ट अकैडमी, नवदीप व गुजरात ललित कला अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में होगा आयोजन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। शहर के शास्त्री नगर स्थित दीपिका आर्ट अकैडमी में कला प्रेमियों के लिए एक विशेष तीन दिवसीय चित्रकला एवं मूर्तिकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 23 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक आयोजित होगी तथा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
दीपिका आर्ट अकैडमी, नवदीप तथा गुजरात ललित कला अकादमी के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी की जानकारी देते हुए अकैडमी की निदेशक दीपिका पाराशर ने बताया कि शास्त्री नगर भीलवाड़ा स्थित अकैडमी परिसर में आयोजित यह आयोजन समकालीन कला को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उनका कहना है कि भीलवाड़ा जैसे उभरते सांस्कृतिक शहर में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को मंच प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है।

अहमदाबाद में जन्मे कंटेंपरेरी स्कल्पचर आर्टिस्ट अल्य मिस्त्री इस प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण रहेंगे। वे मिक्स मीडिया में कार्य करते हैं और अपनी कृतियों में वुड, फाइबर, एल्यूमिनियम, एम-सील, आयरन सहित विभिन्न माध्यमों का प्रयोग करते हैं। उनकी कलाकृतियों में आधुनिकता, सामाजिक सरोकार और प्रयोगधर्मिता का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। मिस्त्री को गुजरात ललित कला अकादमी से सम्मान प्राप्त हो चुका है। इसके अतिरिक्त कानोरिया कार्निवल में उन्हें “बेस्ट स्कल्पचर अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इंडियन रॉयल अकैडमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर, गुलबर्गा द्वारा भी उन्हें अवार्ड प्रदान किया गया है।
Bhilwara : कृषि महाविद्यालय सुवाणा, भीलवाड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न
उन्होंने देश-विदेश की अनेक प्रतिष्ठित प्रदर्शनियों में भाग लिया है तथा दिल्ली, मुंबई और गुजरात में उनके एकल (वन मैन शो) आयोजित हो चुके हैं। दीपिका पाराशर ने बताया कि प्रदर्शनी में चित्रकला और मूर्तिकला की विविध शैलियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों, युवा कलाकारों और कला प्रेमियों को नई तकनीकों व अभिव्यक्ति के आयामों को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर कला का अवलोकन करने और कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। यह आयोजन न केवल कला के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि भीलवाड़ा की सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाएगा।
Bhilwara : कला प्रेमियों के लिए भीलवाड़ा में तीन दिवसीय चित्रकला एवं मूर्तिकला प्रदर्शनी 23 से




















