Bhilwara : संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में कोटड़ी में विशाल रक्तदान शिविर संपन्न
रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, यह सीधे किसी का जीवन बचाने के काम आता: पूर्व मंत्री रामलाल जाट
सोसायटी सेवा प्रकल्पों के माध्यम से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की सहायता के लिए प्रतिबद्ध: ओम नराणीवाल
पूर्व मंत्री रामलाल जाट और प्रद्युमन सिंह ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह, कुल 261 यूनिट रक्त संग्रहित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत श्री कोटड़ी श्याम चारभुजा धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आगामी जयंती को समर्पित इस शिविर में युवाओं और क्षेत्रवासियों ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए कुल 261 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ प्रद्युमन सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया और इस पुनीत कार्य के लिए उनकी सराहना की। रामलाल जाट ने कहा की रक्तदान महादान है और इसकी असली महत्ता वह व्यक्ति समझ सकता है जिसका कोई अपना अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा हो। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें शिक्षित बनने, संगठित रहने और संघर्ष करने का संदेश दिया था। आज का यह शिविर उसी संगठन और सेवा की भावना का प्रतीक है।
कोटड़ी के युवाओं ने जिस ऊर्जा के साथ 261 यूनिट रक्तदान किया है, वह यह दर्शाता है कि हमारा समाज आज भी सेवा के मूल्यों को सर्वाेपरि मानता है। हम राजनीति के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से भी मजबूती से जुड़े रहें, यही बाबा साहेब को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है क्योंकि यह सीधे तौर पर किसी का जीवन बचाने के काम आता है। प्रद्युमन सिंह ने कहा की युवा शक्ति जब सेवा के कार्यों से जुड़ती है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी द्वारा चलाया जा रहा यह जागरूकता पखवाड़ा मील का पत्थर साबित हो रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष ओम नराणीवाल ने अपने संबोधन में कहा की संस्था का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा है।

बाबा साहेब ने हमें समानता और सेवा का जो मार्ग दिखाया है, रक्तदान उसी दिशा में एक सशक्त कदम है। एक यूनिट रक्त से तीन जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। कोटड़ी क्षेत्र के रक्तदाताओं ने जो एकजुटता दिखाई है, वह प्रेरणादायक है। हमारी सोसायटी भविष्य में भी इस तरह के सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की सहायता के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। सोसायटी के सचिव शंकर लाल गाडरी ने बताया कि शिविर का शुभारंभ प्रातः 8.15 बजे हुआ। पूर्व मंत्री जाट के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं में भारी जोश देखा गया। गाडरी ने जानकारी दी कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके फलस्वरूप लक्ष्य के अनुरूप 261 यूनिट रक्त एकत्र किया जा सका।
Bhilwara : भारतीय जनता पार्टी धमधा मंडल द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस
शिविर के सफल आयोजन में विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों, स्थानीय कार्यकर्ताओं और चिकित्सा टीम का विशेष सहयोग रहा। अंत में सचिव शंकर लाल गाडरी ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रामकुमार मीणा, जमना लाल डीडवानिया, भीम सिंह, संजय शर्मा, देवबक्ष जाट, गोपाल सुवालका, कमलेश जाट कंकरोलिया घाटी, साँवर चंदेल, संजय जाट बिरधोल, साँवर ककरोलिया घाटी, भगवान जाट, सीताराम रेबारी, राजू पहाड़िया बडलियास सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
Bhilwara : संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में कोटड़ी में विशाल रक्तदान शिविर संपन्न




















