जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री कार्यालय में पहले कैबिनेट और उसके बाद फिर मंत्री परिषद की अहम बैठक होने जा रही है. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 सितंबर के बांसवाड़ा दौरे को लेकर चर्चा संभव है. इसके साथ बैठक में “शहर चलो और गांव चलो” अभियान को लेकर फीडबैक पर विचार विमर्श के साथ विधायकों और मंत्रियों को अभियान के जरिये जनता से जुड़ने के निर्देश दिए जा सकते हैं.
कैबिनेट और फिर मंत्री परिषद की बैठक : मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में सीएमओ में पहले कैबिनेट और उसके बाद फिर मंत्री परिषद की अहम बैठक होगी. दोपहर 12 बजे कैबिनेट बैठक, उसके आधा घंटे यानी दोपहर 12:30 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक होगी. बैठक को लेकर आधिकारिक एजेंडा जारी नही हुआ, लेकिन बैठक में पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों को लेकर चर्चा संभव है.
बैठक में विधायकों, मंत्रियों और प्रभारी सचिवों को शहरी और ग्रामीण शिवरों में जाकर मॉनिटरिंग के साथ तैयार करने के निर्देश दिए जा सकते हैं. अगले दो दिन शनिवार और बुधवार को प्रभारी मंत्रियों और प्रभारी सचिवों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर दौरा करने के लिए भी मुख्यमंत्री निर्देशित कर सकते हैं. इसके साथ ऊर्जा संयंत्रों और राइजिंग राजथान के हुए करार के लिए भू आवंटन और अन्य रियायतों को लेकर विचार विमर्श संभव है. वहीं कर्मचारियों और अधिकारियों के सेवा नियमों में संशोधन को लेकर लंबे समय से चले आरहे प्रकरण पर भी कैबिनेट बैठक में विचार संभव है.
आमजन को मिले त्वरित राहत : शहरी सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि शहरी सेवा शिविर एवं ग्रामीण सेवा शिविर पूरे प्रदेश में आयोजित हो रहे हैं. इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर त्वरित राहत दी जा रही है. उन्होंने कहा कि शहरी वार्डों के नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित कार्य भी इन शिविरों के माध्यम से पूर्ण हो रहे हैं.
सीएम ने अपील करते हुए कहा कि आमजन अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज के गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को इन शिविरों तक लाएं, जिससे उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके. सीएम ने कहा कि इन शिविरों में प्रदेश के नागरिक केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं. पीएम स्वनिधि योजना एवं सीएम स्वनिधि योजना से लाभान्वित होकर विशेष रूप से युवाओं का स्वरोजगार का सपना साकार हो रहा है. हमारी सरकार युवाओं को कौशल विकास के अवसर प्रदान कर रही है. विश्वकर्मा योजना के माध्यम से भी रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है.
प्रदेश में 1 हजार 418 पट्टे दिये गये : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में 1,418 पट्टों के वितरण की भी घोषणा की, जिसमें कृषि भूमि पर बसे हुए लोगों को पट्टे दिए गए. इसके अलावा, अन्य कई सरकारी योजनाओं से भी नागरिकों को लाभान्वित किया गया है. इसी के साथ ही जन्म-मृत्यु/विवाह पंजीयन के 4 हजार 467 प्रकरण, स्ट्रीट लाइट लगाने/मरम्मत के 2 हजार 980 प्रकरण, निराश्रित पशुओं को पकड़ने के 354 प्रकरण, ईडब्यूएस प्रमाण-पत्र के 172 प्रकरण, फायर एनओसी के 94 प्रकरण, ट्रेड लाइसेंस के 9 प्रकरण, साईनेज लाइसेंस के 13 प्रकरण, पीएम स्वनिधि योजना के 140 प्रकरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के अन्तर्गत 594 लाभार्थियों का पंजीकरण संबंधित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया है.




















