अजमेर : राजस्थान लोक सेवा आयोग की एनालिस्ट कम प्रोग्रामर/ उपनिदेशक परीक्षा 2024 का आयोजन अजमेर जिला मुख्यालय पर हो रहा है. दो पारियों में यह परीक्षा आयोजित हो रही है. प्रदेश भर से अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए अजमेर पहुंच गए हैं. बता दें कि 45 पदों के लिए 29 परीक्षा केंद्रों पर 7 हजार 500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा के लिए आयोग में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है.
आयोग के सचिव और रामनिवास मेहता ने बताया कि परीक्षा दो पारियों में सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पारी में दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी. प्रत्येक प्रश्न पत्र के लिए ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवी विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का समय अभ्यर्थियों को अलग से मिलेगा. परीक्षा केंद्र में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा शुरू होने के 60 मिनट पहले तक ही प्रवेश मिलेगा. इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा. यही वजह है कि पहली पारी में प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा के लिए सुबह 9 बजे से पहले ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर जुट गए. जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया.
जांच के दौरान अभ्यर्थियों की प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र पर लगी फोटो का मिलान किया गया. मिलान होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए केंद्र में प्रवेश दिया गया. बता दें कि दूसरी पारी के लिए अभ्यर्थियों को 2 बजे से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा. परीक्षा आयोजन को लेकर अजमेर जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. जिला मुख्यालय पर भी परीक्षा आयोजन के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है. वहीं, सभी 29 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.




















