कोटा : शहर के रेलवे कॉलोनी थाना इलाके में सड़क दुर्घटना में चंबल नदी की गामछ पुलिया के नजदीक एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया. हादसे में बाइक पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. युवक को एमबीएस अस्पताल लेकर आया गया, जहां पर उसको मृत घोषित कर दिया गया. मौके पर जो हालात थे, उनके अनुसार 200 मीटर तक कार आदित्य मालव को घसीट कर लेकर गई है. यह दुर्घटना सुबह 7 बजे के आसपास हुई है.
रेलवे कॉलोनी थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर देवकरण का कहना है कि दुर्घटना सुबह हुई थी. सूचना पर मौके पर पहुंचे. मृतक बूंदी के केशोरायपाटन निवासी आदित्य मालव है. एक तेज अनियंत्रित कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. कार सवार फरार हो गए हैं, जबकि कार मौके पर ही खड़ी है. कार को जब्त कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में शिफ्ट किया है. परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा बनाया गया, साथ ही पोस्टमार्टम भी किया गया है.
रिवरफ्रंट पर ही ड्यूटी करने वाले बृजमोहन का कहना है कि आदित्य कॉलेज में पढ़ाई के साथ-साथ चंबल हेरिटेज रिवरफ्रंट पर भी सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था. उसकी ड्यूटी रात से सुबह तक थी. वह ड्यूटी खत्म करके अपने गांव जा रहा था. इस दौरान यह दुर्घटना हुई है. आदित्य परिवार की जिम्मेदारी उठा रहा था. कभी-कभी डबल ड्यूटी भी करता था. इसके साथ ही काम मिलने पर हलवाई के साथ भी जाता था.
अलवर में भी महिला की मौत : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक कार सोमवार देर करीब रात 1 बजे पिनान स्थित रेस्ट एरिया के पास खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसे में कार सवार महिला मुस्कान (पत्नी मनोज कुमार) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके बेटे आर्यन और बेटी आर्ची गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों बच्चों को उपचार के लिए पिनान के सीएचसी पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अलवर के राजीव गांधी जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया. यहां से दोनों घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया. मृतका का पोस्टमार्टम करने के लिए राजगढ़ थाना के एएसआई हीरालाल अलवर चिकित्सालय पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की गई है.




















