अलवर: जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सांखला गांव में आवारा डॉग्स का आतंक एक बार फिर सामने आया है. गांव के ही 8 वर्षीय मासूम योगेश कुमार अपने दोस्त के घर खेलने जा रहा था, तभी खेतों के पास बैठे स्वानों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया. इस हमले ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है.
मासूम के शरीर पर 50 से ज्यादा गहरे जख्म: करीब 8 से 10 स्वानों ने 2 से 3 मिनट तक लगातार मासूम को नोच-नोचकर घायल कर दिया. इस दौरान बच्चा चीखता रहा, लेकिन स्वानों ने उसे छोड़ने का नाम नहीं लिया, जब तक आस-पास के लोग पहुंचे, तब तक बच्चे के सीने, आंख, कान, सिर, हाथ और मुंह सहित शरीर के आधे हिस्से पर 50 से ज्यादा गहरे जख्म हो चुके थे. परिजनों ने बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके पूरे शरीर पर पट्टी बांध दी. फिलहाल मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है.
स्वानों का लगातार आतंक: गंभीर घायल योगेश की मां ज्योति ने बताया कि उनका बच्चा स्कूल से आकर घर से करीब 100 मीटर दूरी पर खेलने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया. योगेश की दादी ने कहा कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में स्वानों का आतंक पिछले काफी समय से है. इस दौरान कई बच्चों पर पहले भी हमले हो चुके हैं और कुछ ने अपनी जान तक गंवाई है. उन्होंने कहा कि बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
मजदूरी करने वाले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: योगेश का परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है. पिता मिस्त्री का काम करते हैं और मां फैक्ट्री में मजदूरी करती है. घटना के समय दोनों अपने काम पर गए हुए थे. परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है और अब बच्चे के इलाज के खर्च ने उन पर और बोझ डाल दिया है. परिजनों ने प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगाई है.
अलवर में लगातार बढ़ रहा स्वानों का आतंक: गौरतलब है कि अलवर जिले में आवारा स्वानों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. आए दिन बच्चे और बुजुर्ग इनका शिकार हो रहे हैं. पिछले कुछ समय में स्वानों के हमले से कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए और कुछ की मौत तक हो चुकी है. बावजूद इसके प्रशासन द्वारा अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है.




















