करौली : टोडाभीम इलाके में एक सरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी. युवती ने भागकर शादी करने से मना कर दिया, जिसपर दोनों में झगड़ा हुआ. इसके बाद आरोपी ने ईयरफोन की लीड से युवती का गला दबाया फिर सिर पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. मामले का खुलासा पुलिस ने गुरुवार को किया है.
ईयरफोन से युवती का गला दबाया : पुलिस उपाधीक्षक मुरारी लाल मीणा ने बताया कि युवक खेमचंद एक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन उसने भागकर शादी करने से मना कर दिया. इसको लेकर खेमचंद गुस्सा हो गया और आवेश में आकर पहले ईयरफोन के तार से युवती का गला दबा दिया. जब वह अचेत हो गई तो आरोपी ने पास पड़े पत्थर को उसके सिर पर मारा और फिर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया. आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
करौली जिले के टोडाभीम उपखंड मुख्यालय के समीपवर्ती गांव पाडला में चार दिन पूर्व युवक ने दिनदहाड़े घर में युवती की हत्या कर दी थी. इसके बाद युवक मौके से फरार हो गया था. मां जब खेत से चारा लेकर लौटी तो अचेत अवस्था में बेटी घर के आंगन में पड़ी हुई मिली. पुलिस को घटना की सूचना दी तो मौके पर पुलिस उपाधीक्षक मुरारी लाल मीणा और थानाधिकारी RPS कैलाश चंद्र मीणा पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर टोडाभीम अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया. मृतका की मां ने युवक खेमचंद मीणा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था. आरोपी को दौसा जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.




















