जयपुर. राजधानी जयपुर भी अब सेफ नहीं रह गया हैं. यहां भी चोरों का आतंक बढ़ते जा रहा है. जयपुर के माणक चौक थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक ज्वेलरी कारखाने को निशाना बनाकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सोना चुरा लिया. यह घटना शहर के व्यस्त चौड़ा रास्ता इलाके की नानाजी की गली में स्थित एक फैक्ट्री में रात करीब 3 बजे घटी. चोरों ने बेहद फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया और कुछ ही मिनटों में फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, चोर पास की एक इमारत से रस्सी की मदद से ज्वेलरी फैक्ट्री की चौथी मंजिल तक पहुंचे. उन्होंने एक खिड़की का कांच तोड़कर भीतर प्रवेश किया और महज 6 मिनट में सोना समेटकर फरार हो गए. चोरों की योजना इतनी सटीक थी कि उन्होंने कोई अलार्म या चेतावनी सक्रिय नहीं होने दी. वारदात के बाद दोनों चोर बाइक पर बैठकर फरार हो गए. फैक्ट्री मालिक अंकित खंडेलवाल ने माणक चौक थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है.
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी की घटना
फैक्ट्री मालिक अंकित खंडेलवाल ने घटना की जानकारी माणक चौक थाने में दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने फैक्ट्री और आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. फुटेज में दोनों चोर वारदात के दौरान और बाइक से भागते हुए देखे गए हैं. पुलिस का मानना है कि चोरों ने फैक्ट्री और उसके आस-पास के इलाकों की पहले से रेकी की थी. उनका तरीका देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वे पेशेवर अपराधी हैं. पुलिस ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और तकनीकी जांच के आधार पर चोरों की पहचान की कोशिश कर रही है.
प्रोफेशनल गैंग की हो सकती है करतूत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह एक प्रोफेशनल गैंग की करतूत हो सकती है, जिसने वारदात के लिए समय, रास्ता और तरीका पहले से तय कर रखा था. पुलिस ने आस-पास की दुकानों, बिल्डिंग्स और सड़कों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है. साथ ही इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है. वहीं ज्वेलर अंकित खंडेलवाल का कहना है कि कारखाने में उस वक्त करीब डेढ़ करोड़ का सोना रखा हुआ था, जो पूरी तरह चोरी हो गया. वे इस वारदात से स्तब्ध हैं और पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं. पुलिस अब चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की दिशा में तेजी से काम कर रही है. इस वारदात ने इलाके के ज्वेलर्स और व्यापारियों में चिंता की लहर फैला दी है.




















