भीलवाड़ा: जिले के मांडल थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्कर पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने में कामयाब रहे, हालांकि पुलिस ने डोडा-चूरा तस्करों की एसयूवी के टायर को गोली मारकर पंक्चर कर दिया. घटना सोमवार रात की है, जिसका सीसीटीवी बुधवार को सामने आया.
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सोमवार रात पुर थाना क्षेत्र में ए श्रेणी की नाकाबंदी थी. तभी काले रंग की बिना नम्बरी एसयूवी नाकाबंदी तोड़ते हुए मांडल थाना क्षेत्र में पहुंच गई, जहां गली संकरी होने के कारण गाड़ी फंस गई. इसी दौरान पुलिस भी मौके पर आ पहुंची. पुलिस ने एसयूवी रुकवाने का प्रयास किया. पुलिस ने एसयूवी का शीशा तोड़ दिया व रिवाल्वर से आगे के दाहिने टायर को ब्रस्ट कर दिया. ब्रस्ट टायर के बावजूद तस्कर एसयूवी लेकर भागने में कामयाब रहे. भागते हुए तस्करों ने एसयूवी से प्लास्टिक के कट्टे सड़क पर फेंके, जिनमें डोडा-चूरा भरा था.




















