राजस्थान के भरतपुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के पिंगौरा गांव में रविवार रात जमीन विवाद को लेकर भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। रिटायर्ड पुलिस कांस्टेबल ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद जब आरोपी बाइक से फरार होने की कोशिश कर रहा था, तभी हादसे का शिकार होकर घायल हो गया। फिलहाल आरोपी भरतपुर के अस्पताल में भर्ती है, जबकि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।
घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय दौलत लाल के रूप में हुई है। वहीं आरोपी 62 वर्षीय विजेंद्र लाल है, जो राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल रह चुका है और करीब दो साल पहले रिटायर हुआ था।
गोली चलने से मचा हड़कंप, मौके पर अफरा-तफरी
रविवार रात दौलत लाल अपने घर के बाड़े में गोबर डालने का काम कर रहा था। इसी दौरान विजेंद्र लाल अपने बेटे नरेंद्र और एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक से गांव पहुंचा। जैसे ही विजेंद्र घर में दाखिल हुआ, दौलत को देखते ही उसके सीने में देसी कट्टे से गोली मार दी। दौलत चीखते हुए गिर पड़ा। पास में मौजूद उसका भाई राजेंद्र बाहर आया तो विजेंद्र को भागते देखा। उसने दौलत से कहा कि आरोपी को पकड़ ले। दौलत ने घायल अवस्था में भी विजेंद्र की गर्दन पकड़ ली लेकिन विजेंद्र उसे करीब 10 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।
घायल दौलत को तुरंत लखनपुर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उसे भरतपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भागते वक्त बाइक से गिरा आरोपी, बेटे और साथी ने पहुंचाया हॉस्पिटल
घटना के तुरंत बाद आरोपी विजेंद्र अपने बेटे और साथी के साथ बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बाइक किसी चीज से टकरा गई और वह घायल हो गया। उसके बेटे और साथी ने उसे भरतपुर के RBM अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह, लंबे समय से था विवाद
मृतक के भाई राजेंद्र लाल ने बताया कि पिता निर्भय लाल ने कुल 18 बीघा जमीन खरीदी थी, जिसके बाद 5 बीघा जमीन मां गौरा देवी के नाम से ली गई। गांव में तीन भाई—दाऊ दयाल, राजेंद्र और दौलत—मिलकर खेती करते हैं। लेकिन रिटायरमेंट के बाद से विजेंद्र लाल बार-बार गांव आता और पांच बीघा जमीन पर भी अपना हक जताता। उसका कहना था कि वर्षों तक उसकी जमीन पर खेती की गई है, इसलिए उसे जमीन और मुआवजा चाहिए।
विवाद कई बार आपसी कहासुनी और धमकी तक पहुंच चुका था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह विवाद एक दिन जानलेवा बन जाएगा।
पुलिस ने किया मामला दर्ज, पूछताछ में जुटी
लखनपुर थानाधिकारी ASI रामसहाय ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। आरोपी अस्पताल में भर्ती है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में पारिवारिक जमीन विवाद सामने आया है। विजेंद्र और उसके बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।




















