राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बीकानेर और जयपुर से होकर गुजर रही मानसून की ट्रफ लाइन के चलते प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और अंधड़ की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को प्रदेश के 9 जिलों के लिए डबल अलर्ट जारी किया है। इनमें तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट और छह जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
टोंक, सवाई माधोपुर और बूंदी में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार शाम से ही टोंक, सवाई माधोपुर और बूंदी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम और एक-दो दौर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
छह जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने करौली, बारां, कोटा, झालावाड़, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में खुले स्थानों पर रहने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
कोटा और उदयपुर संभाग में अगले तीन दिन भारी बारिश का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बताया कि आने वाले दो से तीन दिनों तक कोटा और उदयपुर संभाग में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में मानसून की तेज गतिविधि देखी जाएगी। अगले कुछ दिनों तक इन संभागों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
राज्य में अब तक 135% अधिक बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार राजस्थान में मानसून सीजन के दौरान सामान्य से 135 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को जालोर, जैसलमेर, सीकर, पाली और वनस्थली समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। यह बारिश कृषि और जल भंडारण के लिहाज से प्रदेश के लिए राहत की खबर है।
जयपुर में आज तेज बारिश का अलर्ट
राजधानी जयपुर में भी मानसून धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है। शुक्रवार को दिनभर की उमस के बाद मानसरोवर, टोंक रोड, जेएलएन मार्ग और सीकर रोड क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई। शाम होते-होते शहर में काली घटाएं छा गईं और ठंडी हवाओं ने मौसम सुहावना बना दिया। बीते 24 घंटे में जयपुर में 3.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि शनिवार को तेज बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अलर्ट के बीच प्रशासन सतर्क
बारिश और अंधड़ के चलते जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें भी अलर्ट पर हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि बारिश या तेज हवाओं से किसी तरह की जनहानि न हो।




















