टीवी सीरियल की दुनिया में कहानियों का दौर भले ही बदलता रहे, फिर चाहे वो सास-बहू का ड्रामा हो, बहनों के रिश्ते हों, या नागिनों के प्रतिशोध की दास्तां. लेकिन एक ट्रेंड ऐसा है जो दर्शकों को हमेशा भाता है और ये ट्रेंड है अधेड़ उम्र के नायक और उनसे काफी कम उम्र की नायिका के बीच पनपती प्रेम कहानी का. हाल ही में लॉन्च हुए शरद केलकर के नए शो ‘तुम से तुम तक’ की शानदार ओपनिंग टीआरपी (1.4) ने इस बात को एक बार फिर साबित कर दिया है कि ऐसी कहानियों की अपील आज भी बरकरार है. पिछले 23 सालों से यह कॉन्सेप्ट भारतीय टेलीविजन पर लगातार सफल रहा है. आइए, कुछ ऐसे ही सीरियलों पर एक नज़र डालते हैं, जिन्होंने इस ट्रेंड को लोकप्रिय बनाया.
मोल्की
कलर्स टीवी पर ऑन एयर हुआ ‘मोल्की’ एक ऐसा ही शो था जिसकी कहानी बिल्कुल अलग थी. (साल: 2020-2022) इसमें दिखाया गया था कि एक उम्रदराज आदमी मोल (पैसे देकर) दुल्हन खरीदकर उससे शादी करता है. इस शो में 44 साल के अमर उपाध्याय ने मुख्य भूमिका निभाई थी और उनकी ऑनस्क्रीन पत्नी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस प्रियल महाजन उस समय लगभग 19 साल की थीं. उनकी जोड़ी में उम्र का अंतर साफ दिखता था, लेकिन इस सीरियल को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इस शो में दिखाया गया था कि कैसे ‘मोल’ देकर लाई गई दुल्हन भी प्यार पा सकती है. भले ही सोशल मीडिया पर इस शो के कान्सेप्ट को लेकर लोगों ने खूब हंगामा किया, लेकिन इस सीरियल को टीवी की ऑडियंस ने खूब पसंद किया.
कसम से
टीवी की दुनिया में राम कपूर (33) और प्राची देसाई (18) की जोड़ी ने ‘कसम से’ (2006-2009) सीरियल के साथ टीआरपी के नए रिकॉर्ड बनाए. इस शो में राम कपूर ने ‘गुस्सैल पर दिलदार’ बिजनेसमैन ‘जय वालिया’ का किरदार निभाया, वहीं प्राची देसाई भोली-भाली ‘बानी’ बनी थीं. उम्र में बड़ा फ़र्क होने के बावजूद, उनकी केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया और ये प्रेम कहानी 3 साल तक लोगों की पसंद बनी रही.
कसौटी जिंदगी की
एकता कपूर के एक और बड़े शो ‘कसौटी जिंदगी की’ में 50 साल के मिस्टर बजाज को 22 साल की प्रेरणा के साथ रोमांस करते हुए दिखाया गया. हालांकि रोनित रॉय और श्वेता तिवारी दोनों की असल उम्र में ज्यादा फासले नहीं थे. लेकिन ऑनस्क्रीन उम्र में लगभग 28 साल का फर्क दिखाया गया था. इन दोनों की शादी कुछ मजबूरी में हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे उनके बीच एक गहरा रिश्ता बन गया, जो प्यार और इज्जत पर टिका था. रोनित रॉय की दमदार एक्टिंग और श्वेता तिवारी की मासूमियत ने इस जोड़ी को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.
बंदिनी
रोनित रॉय ने ‘कसौटी’ के बाद ‘बंदिनी’ में भी इसी तरह की उम्र के फासले वाली प्रेम कहानी में अपना कमाल दिखाया था. इसमें रोनित रॉय (लगभग 43-44 साल) ने एक बड़े बिज़नेसमैन ‘धर्मराज’ का किरदार निभाया था, जिनकी शादी एक कम उम्र की सीधी-सादी लड़की सन्तु (आसिया काजी) नाम की 18 साल की लड़की से होती है. शो ने उनके मुश्किल रिश्ते और बाद में पनपने वाले प्यार को बहुत ही संवेदनशीलता से दिखाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया.
दिल संभल जा जरा
8 साल पहले ऑन एयर हुए सीरियल ‘दिल संभल जा जरा’ में संजय कपूर ने 50 साल के एक ऐसे बिजनेसमैन का रोल किया था जो अपनी उम्र से बहुत छोटी लड़की स्मृति कालरा से प्यार करता है. सीरियल में दिखाया गया था कि किस तरह से उम्र की परवाह किए बिना प्यार करने वालों को समाज की बातें और अपनी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था.
कुछ तो लोग कहेंगे
‘कुछ तो लोग कहेंगे’ में 50 साल के डॉक्टर की 23 साल के इंटर्नशिप के साथ ‘लव स्टोरी’ दिखाई गई थी. मोहनीश बहल ने इस सीरियल में डॉक्टर ‘आशुतोष’ का रोल किया, वहीं कृतिका कामरा इंटर्न ‘निधि’ बनी थीं. दोनों की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई. बाद में, जब मोहनीश बहल ने शो छोड़ दिया (साल 2012), तो शरद केलकर ने उनकी जगह ली.
भले ही टीआरपी के रिपोर्ट कार्ड पर इन सीरियलों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन सोशल मीडिया पर इन शोज को खूब ट्रोल भी किया गया है. इस बारे में बात करते हुए एक्टर रोनित रॉय ने कहा था कि मेरे लिए, स्क्रीन पर उम्र या कोई और चीज मायने नहीं रखती. अगर कहानी में दम हो, और किरदारों के बीच की केमिस्ट्री सच्ची लगे, तो दर्शक उससे जुड़ जाते हैं. मुझे लगता है कि लोग रिश्ते की सच्चाई और उसमें दिखने वाले प्यार और सम्मान को महसूस करते हैं, न कि सिर्फ उम्र के फासले को देखते हैं. अगर हम अपने किरदार को ईमानदारी से निभाएं और केमिस्ट्री बन जाए तो कोई भी जोड़ी दर्शकों के दिल में जगह बना सकती है, फिर चाहे उम्र का फ़र्क़ कितना भी क्यों न हो.”




















