जयपुर के रामगंज थाना क्षेत्र के बाबू का टीबा मोहल्ले में गुरुवार देर रात उस समय तनाव फैल गया जब एक धार्मिक आयोजन के दौरान दो गुटों के बीच जमकर पथराव हो गया. घटना उस वक्त हुई जब मोहल्ले के एक मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था और उसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिला पर अभद्र टिप्पणी कर दी गई. इस फब्तीबाजी को लेकर मोहल्ले में माहौल गरमा गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
विवाद ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. पथराव में घरों के बाहर खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जिनके शीशे टूट गए. हालांकि घटना में 2-3 लोगों के घायल होने की खबर है, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया है.
पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अशांति न फैल सके.
इस घटना के बाद क्षेत्र में पसरा सन्नाटा
डीसीपी नॉर्थ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया है और लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं.
यह घटना एक बार फिर बताती है कि कैसे छोटी-सी बात बड़े विवाद का रूप ले सकती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके.
बिगड़ते हालात को देखकर पुलिस बल तैनात
जयपुर के रामगंज इलाके में देर रात उस समय तनाव फैल गया जब एक महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए. गुलाब चक्की क्षेत्र में जमकर पथराव हुआ, जिसमें कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए. स्थिति बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया और स्थिति पर काबू पाया. रामगंज थाने के थानाधिकारी सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स मौजूद है.




















