जयपुर. कोटपूतली-बहरोड़ जिले के विराटनगर थाना पुलिस ने तेवड़ी घाटी में हत्या कर फेंके गए शव के मामले का खुलासा कर दिया है. इस हत्या को अंजाम एक दंपति ने दिया था. पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या की इस वारदात को अंजाम रुपये के लेनदेन को लेकर दिया गया था. दंपति ने शख्स की उसके ही तौलिये से गला घोंटकर हत्या की थी. बाद में शव को फेंककर फरार हो गए थे. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. इस हत्या को अंजाम देने के लिए दंपति ने गहरी साजिश रची थी. बहरहाल पुलिस केस से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि इस मामले में डालचंद बलाई और उसकी पत्नी रोशनी देवी को गिरफ्तार किया गया. सोमवार को पुलिस को तेवड़ी घाटी में अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी. इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को विराटनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाकर शिनाख्त करवाई. मृतक की पहचान अलवर जिले के थानागाजी इलाके के गुढ़ा चुरानी गांव निवासी प्रहलाद शर्मा (55) के रूप में हुई. उसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई. सूचना पर पहुंचे मृतक के बेटे ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था. उसके बाद पुलिस ने टीम गठित कर घटनास्थल का फिर से निरीक्षण किया. बाद में सीसीटीवी फुटेज और साइबर तकनीकों का प्रयोग कर जांच का आगे बढ़ाया. पुलिस ने केस की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपी पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों ने प्रहलाद से रुपये ले रखे थे उधार
विराटनगर पुलिस उपाधीक्षक शिप्रा राजावत ने बताया कि आरोपी डालचंद और उसकी पत्नि रोशनी देवी अलवर में किराये पर दुकान लेकर टेलर का काम करते हैं. उन्होंने प्रहलाद उर्फ राजू से काफी रुपये उधार ले रखे थे. प्रहलाद ने उनसे उधार दिए गए रुपये वापस मांगे. बाद में वह इसके लिये दबाव बनाने लग गया. इस पर आरोपी दंपति ने मिलकर प्रहलाद शर्मा की हत्या करने की साजिश रची. इस साजिश के तहत एक सप्ताह पहले दोनों पति-पत्नि अपनी स्कूटी से विराटनगर आये. विराटनगर इलाके में सुनसान स्थान की तलाश की.
तौलिये से घोंट दिया गला
उसके बाद रविवार शाम को दोनों अपनी स्कूटी से वापस वहीं पहुंचे जिस जगह को उन्होंने चुना था. वहां रोशनी ने प्रहलाद को फोन करके वहां बुलाया. इस दौरान अपनी स्कूटी पेड़ों के पास छिपाकर रख दी. रोशनी ने योजना के अनुसार अपने पति को पूर्व नियोजित स्थान पहाड़ी की खाई में छिपाकर बिठा दिया. बाद में रोशनी प्रहलाद को वहां लेकर आई. उसके पास बैठकर कुछ देर बातचीत की. फिर मौका देखकर डालचंद ने प्रहलाद शर्मा के गले में पहने हुये तौलिये से ही उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. उसने छुड़ाने की कोशिश की तो रोशनी ने उसे पकड़ लिया. बाद में शव को पहाड़ी पर झाडियों में फेंककर फरार हो गए.




















