शेखावाटी में ओलों बारिश ने बढ़ाई सर्दी, तापमान में गिरावट
पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान के पूर्वी जिलों में बारिश और ओले गिरने का दौर जारी है। रात से शेखावाटी में बादल तो हो रहे थे, लेकिन छिटपुट बूंदाबांदी ही हो रही थी। दोपहर बाद में अचानक हवा का रूख बदला तेज बारिश का झोंका आया। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। इससे इलाके में ठिठुरन बढ़ गई। वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो सीकर का तापमान 14 डिग्री से गिरकर 12.5 डिग्री पर आ गया है। हालांकि दिन का तापमान शाम को दर्ज होगा। वहीं फतेहपुर में भी रात का तापमान 6.0 दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले 7.8 और उससे पहले 8 डिग्री दर्ज किया गया।
सीकर कस्बे में नवलगढ़ रोड पर बारिश के साथ ओले गिरे, इसके साथ ही फतेहपुर में भी बूंदाबांदी के बीच बेर के आकार के ओले गिरे है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि मावठ फसल के लिए अमृत का काम कर रही है, जबकि ओले नुकसान करते है। फिलहाल आकार छोटा होने से सब्जियों में अधिक नुकसान है।
इसके साथ ही पलसाना, धोद, नीमकाथाना, खंडेला में भी बारिश हुई। धोद में तो बारिश के साथ ओले भी गिरे, जबकि कुछ जगहों पर हवा के झोंके से बारिश की गति बदलती दिखी। हालांकि बारिश कुछ देर बाद ही थम गई, लेकिन इससे ठिठुरन बढ़ गई। वहीं दिन का तापमान भी गिर गया।