दिन और रात के तापमान में बढ़ रहा है अंतर, शनिवार को चूरू में रहा सबसे ज्यादा अंतर
जयपुर। प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। ऐसे में शहरवासियों को भीषण गर्मी से भी निजात मिल रही है। राजधानी जयपुर में मौसम का मिजाज शाम होते—होते हल्का सा बदला नजर आ रहा है। ऐसे में सर्द हवाओं का एहसास होता है। आज सुबह का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया।
एक ही दिन में मौसम के दो रंग
दिन और रात के तापमान में 15 डिग्री के आस-पास अंतर देखने को मिल रहा है। बीते चौबीस घंटे के दौरान कई शहरों में जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा, वहीं न्यूनतम पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। दिन-रात के पारे मे सबसे बड़ा अंतर चूरू में दिखा, यहां 21.2 डिग्री का अंतर रहा। यहां दिन में पारा 39.1 और रात में 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर सहित कई शहरों में 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। चुरू के अलावा बीकानेर का तापमान 38.6, पिलानी का 38.0, सीकर का 37.0, बाड़मेर का 39.0, जोधपुर का 38.1 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया।