जयपुर. आरएलपी सुप्रीमो नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के नागौर स्थित घर का विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया है. विभाग की इस कार्रवाई से राजस्थान की राजनीति में बिजली का करंट दौड़ गया है. निगम का कहना है कि बेनीवाल ने बिल जमा नहीं कराया था. वहीं बेनीवाल का कहना है कि मार्च में ही बिल के सेटलमेंट के लिए 2 लाख रुपए जमा कराए गए थे. मुझे बिना सूचित किए पोल से कनेक्शन कनेक्शन काटा गया. यह सरकार की ओछी मानसिकता है. बेनीवाल के घर का कनेक्शन काटने के बाद उनकी प्रमुख प्रतिद्वंदी नागौर की पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा ने फेसबुक पर पंखी का फोटो पोस्ट की है. उस पर भी जमकर घमासान मचा हुआ है.
विद्युत विभाग का कहना है यह कनेक्शन बेनीवाल के भाई प्रेमसुख बेनीवाल के नाम पर है. इस कनेक्शन का लंबे समय से बिजली का जमा नहीं कराया गया था. इस कनेक्शन पर 11 लाख 61 हजार 545 रुपये का बिजली का बिल बकाया चल रहा था. बिल जमा कराने के लिए कई बार नोटिस भी जारी किए गए लेकिन पैसा जमा नहीं कराया गया. बिजली विभाग ने किश्तों में बकाया राशि जमा कराने का भी मौका दिया था. इसके बावजूद बिल जमा नहीं कराया गया. इस पर 2 जुलाई को कनेक्शन काट दिया गया.
बेनीवाल बोले यह सरकार की ओछी मानसिकता को दर्शा रहा है
इस मसले पर हनुमान बेनीवाल का कहना है मार्च में 2 लाख रुपये बिल के सेटलमेंट के लिए जमा कराए थे. बतौर सांसद मेरा MP का दफ्तर भी वहीं चलता है. मैंने विभाग से मीटर को चैक करने को कहा था. नागौर में कई विभागों का बकाया है लेकिन कनेक्शन मेरा काटा गया है. यह सरकार की ओछी मानसिकता को दर्शा रहा है. बेनीवाल ने कहा कि मै अपने दफ्तर का बिल खुद चुकाता हूं. मैंने आज तक बतौर सांसद कोई मेडिकल या अन्य सुविधा खर्च नहीं लिया.
सोशल मीडिया में पंखी ने मचाया घमासान
बेनीवाल के घर का कनेक्शन काटने के बाद उनकी धुर राजनीतिक प्रतिद्वंदी नागौर की पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा ने एक पंखी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट की है. इस पोस्ट में बिना किसी का नाम लिए केवल इतना लिखा कि ‘देसी जुगाड़ कलाई की मेहनत से ठंडी हवा! उसके बाद इस पर घमासान मच गया. गुरुवार दोपहर 1 बजे तक इस पोस्ट पर करीब ढाई हजार रिएक्शन आ गए. यूजर्स ने इस मसले पर ज्योति के पक्ष और विपक्ष में अजब गजब कमेंट्स किए हैं. कुछ यूजर्स ने बिजली विभाग की कार्रवाई को सही बताया है. वहीं कुछ ने इसे राजनीतिक दुर्भावना बताया. एक यूजर्स ने कहा कि जो पहले लोगों का सेटलमेंट करवाते थे वे आज खुद का सटेलमेंट करवा रहे हैं. वहीं कई यूजर्स ने कहा कि ज्यादा खुश होने की जरुरत नहीं है. समय बड़ा बलवान है.




















